गोभी के भावों में आई मंदी, लागत निकालना भी हुआ मुश्किल
राजस्थान के दौसा जिले में फूलगोभी और पत्ता गोभी के भावों में मंदी से किसान मायूस हैं। ऐसे में किसानों को लागत भी नहीं मिल पा रही है। किसान कमलेश शर्मा ने बताया कि टमाटर और गोभी की फसल की बुवाई की थी, लेकिन भाव लागत के हिसाब से नहीं मिल पा रहे।
फूलगोभी वर्तमान में मंडी में 10 से 15 रुपए प्रति किलो व पत्ता गोभी 8 से 15 रुपए किलो बिक रही है। पिछले साल इन्हीं पत्ता गोभी का मूल्य 15 रुपए प्रति किलो रहा था। टमाटर इस समय 30 से 40 रुपए किलो बिक रहा है। जो पिछले साल 55 से 65 रुपए तक किलो तक बिका था।
सबसे ज्यादा कमर किसानों की गोभी ने तोड़ी है। किसान ग्यारसी लाल सैनी व गोलू सैनी ने बताया कि गोभी के भावों में मंदी आने से खर्चा भी नहीं निकल रहा है। क्षेत्र से रोजाना करीब 4 से 5 गाड़ियां सब्जी मंडियों में जाती है। सभी किसानों के यही हाल हैं।
5 बीघा क्षेत्र में आई 3 लाख की लागत
किसान कमलेश शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा 5 बीघा क्षेत्र में फूलगोभी व पत्ता गोभी फसल की बुवाई की गई है। जिसमें करीब 3 लाख की लागत आई है। फसल की बम्पर और अच्छी पैदावार से किसानों को अच्छे मुनाफे की आस जगी थी, लेकिन बाजार में थोक भाव कम मिलने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। अभी तक केवल 50 हजार रूपए की सब्जी की बिक्री हो पाई है।
यह भी पढ़ें : राजस्थान सरकार ने फसल बचाने के बदले नियम, किसानों को मिली बड़ी राहत
पाला जमा तो झुलस जाएगी फसल
टमाटर, मिर्च, मटर, बैंगन, गोभी सहित अन्य सब्जियों की फसलों की बुवाई करने वाले किसानों ने बताया कि तापमान में लगातार गिरावट होने व तापमान के पांच डिग्री से नीचे पहुंचने पर रबी की फसलों व सब्जी की फसलों पर पाला जम जाता है। पाला जमने से सब्जी की फसल झुलसकर नष्ट हो जाती है। ऐसी स्थिति होने पर किसानों के लिए मुनाफा दूर लागत निकाल पाना भी मुश्किल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : पर्यावरण और पेड़-पौधों का दुश्मन बना ‘विलायती बबूल’
source https://www.patrika.com/dausa-news/farmers-are-disappointed-due-to-decline-in-prices-of-cauliflower-and-cabbage-in-dausa-district-of-rajasthan-8610540/
Comments
Post a Comment