बाइक से गांव जा रहे थे पति-पत्नी, तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर, मौके पर ही महिला की मौत
दौसा/सिकंदरा। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के व्यस्ततम सिकंदरा चौराहा पर एक बार फिर ट्रेलर ने बाइक सवार लोगों को कुचल दिया। बाइक सवार दोनों पति-पत्नी थे। दुर्घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई तथा पति गंभीर घायल हो गया। सिकंदरा चौराहे पर आए दिन बढ़ते जा रहे हादसों से लोगों में रोष व्याप्त है। इसके बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम नहीं कर पा रही है।
पुलिस ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी थाने के उदयपुरा निवासी केदार प्रसाद जागा व उसकी पत्नी सुमन देवी (45) दोनों 7 वर्षीय बालिका के साथ बाइक से दौसा से गांव जा रहे थे। इसी बीच मुख्य सिकंदरा चौराहे पर तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पति-पत्नी बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे में पत्नी सुमन देवी की मौके पर ही मौत हो गई तथा केदार घायल हो गया। जिसे पुलिस ने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में भर्ती कराया। जहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में भीषण सड़क हादसा- कार के उड़े परखच्चे, 7 लोगों की मौत, देखें हादसे की PICS
दुर्घटना में बाइक पर सवार 7 वर्षीय बालिका बाल बाल बच गई। पुलिस ने मृतक सुमन देवी के शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है जहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। सिकंदरा चौराहे पर आए दिन हो रहे हादसे से व्यापारी व आमजन में रोष व्याप्त है । पिछले दो माह में यहां दुर्घटना में तीन जनों की मौत हो चुकी है। व्यापारियों व आमजन ने पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग कंपनी से सिग्नल बत्ती व ब्रेकर बनवाने की मांग की है, लेकिन अभी तक ध्यान नहीं दिया।
source https://www.patrika.com/dausa-news/women-killed-in-dausa-sikandra-road-accident-8433070/
Comments
Post a Comment