दौसा. 24 घंटे के बाद भी शव का पोस्टर्माटम नहीं, डॉ किरोडी को मौके पर बुलाने की मांग पर अडे़ परिजन
सिकराय।
मानपुर थाना क्षेत्र के नामनेर गांव के संत बाबा की कुटिया के पास खेत में सोमवार देर शाम युवक का शव मिलने के मामले में मृतक युवक के साथ मारपीट करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने व राज्यसभा सांसद किरोडीलाल मीना को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी है। इसके चलते लगभग 24 घंटे के बाद भी शव का पोस्टर्माटम नहीं हो पाया है। मृतक के भाई ने संतोष, गोलू शर्मा व मलखान के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मौके पर पहुंचे उपखण्ड अधिकारी राकेश मीणा, तहसीलदार दिनेश मीणा, मानपुर सीओ दीपक कुमार मीना सहित अन्य अधिकारियों ने समझाइश की, लेकिन परिजन व ग्रामीण नही माने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव का पोस्टमार्टम करवाने व शव को लेने से इनकार कर दिया। धरने पर बैठे परिजनो व ग्रामीणों की मांग है मौके पर सांसद किरोडीलाल मीना आए व पुलिस शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करे। तब ही शव लिया जाएगा। ऐसे मौके पर गहमागहमी बनी हुई है। अस्पताल के सामने धरने पर बैठे लोगों के कारण रास्ता जाम होने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को भी खासी परेशानियो का सामना करना पड़ा।
मानपुर सीओ दीपक कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रात को ही 3 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित कर रवाना कर दी है। इस बारे में मृतक के परिजनों को भी अवगत करा दिया है, लेकिन वे मानने को तैयार ही नहीं है।
शव से आने लगी बदबू- शव को अस्पताल में लाए हुए लगभग 24 घंटे का समय होने को है, लेकिन परिजन व ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं है। ऐसे में पड रही तेज गर्मी व उमस के चलते शव में से बदबू आना शुरू हो गई। इसको लेकर भी प्रशासन के अधिकारियों व मेडिकल विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वो नही माने। डाॅ अमित मीना ने बताया कि सिकराय अस्पताल में डीप फ्रिजर की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यदि जल्द ही परिजनो के द्वारा शव पोस्टर्माटम करवा कर दाह संस्कार नही करते है तो शव खराब होना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि परिजनों व ग्रामीणों को शव को दौसा भेजने को लेकर भी वार्ता की गई, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं है।
महिलाएं भी पहुंची धरना स्थल पर-
अस्पताल के सामने परिजनों व सैकडों ग्रामीणों द्वारा धरना देने व शव के घर नहीं पहुचने पर परिवार व ग्राम सहित अन्य रिश्तेदारों की महिलाएं भी धरना स्थल पर पहुंच गई व अस्पताल के सामने विलाप करने लगी। इससे एक बार तो वहां का माहौल गमगीन हो गया। मौके पर पहुंची मृतक की बेटियों अन्य परिवार के लोगों के रो रो कर बुरे हाल थे। लोग उनको ढांढस बंधा रहे थे। कई महिलाओं की तबीयत भी बिगड गई। जिनको अस्पताल में अंदर ले जाकर उपचार करवाया गया।
50 लाख नकद व सरकारी नौकरी की मांग- अधिकारियों व अन्य ग्रामीणों के समझाने के बाद एक बार तो लगभग 11 बजे परिजन व ग्रामीण राजी हो गए और उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार दिनेश मीना व मानपुर सीओ दीपक मीना को एक मांग पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी, 50 लाख की सहायता राशि व एक आवास बनवाने की मांग की। जिस पर तहसीलदार ने उक्त मामले में उच्च अधिकारियों से वार्ता करने की बात कही।
धरना स्थल पर किए छाया व कूलर के इंतजाम-अस्पमाल के सामने बिच सडक पर ग्रामीणों व परिजनो के द्वारा सोमवार शाम से ही धरना दिया जा रहा जो मंगलवार को भी जारी रहा, लेकिन दोपहर को तेज गर्मी व धूप से बचाव के कोई साधन नही होने को लेकर आनन फानन में मौके पर टैंट व हवा के लिए कुलर के इंतजाम किए गए।
उपखण्ड अधिकारी ने कई बार किए समझाइश के प्रयास-
शव को लगभग 24 घंटे का समय हो जाने व उसमे से बदबू आना शुरू हो जाने को लेकर उपखण्ड अधिकारी राकेश मीना ने कई धरने पर पहुंच कर ग्रामीणों व परिजनो को समझाइश के प्रयास किए, लेकिन वे लोग राज्यसभा सांसद किरोडीलाल मीना को मौके पर बुलाने व आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अडे रहे।
सांसद किरोडीलाल मीना को लेने पहुंचे ग्रामीण
युवक की मौत को लेकर नामनेर गांव के ग्रामीण गंभीर है। मृतक के परिजनों का पूर्ण सहयोग कर रहे है। कुछ ग्रामीणों द्वारा राज्यसभा सांसद किरोडीलाल मीना को मौके पर बुलाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर धरना स्थल से करीब आधा दर्जन से अधिक लोग सांसद डाॅ किरोडीलाल मीना को लेने उनके गांव के लिए रवाना हो गए।
खेत में पड़ा मिला था युवक का शव-
नामनेर गांव में बीती देर शाम खेत में युवक मानसिंह राजपूत (38) का शव पड़ा मिला था। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मृतक युवक औंधे मुंह बाजरे के खेत में पड़ा हुआ मिला। इसके गले में रूमाल का फंदा भी लगा मिला। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक मानसिंह के 3 बेटी व एक बेटा है। वह कड़ी की कोठी चैराहे पर हार्डवेयर की दुकान करता था।
तीन थानों की पुलिस सहित ये रहे मौके पर मौजूद-
मृतक युवक के परिजनों व सैकडों ग्रामीणों के द्वारा अस्पताल के बाहर धरना प्रर्दशन किए जाने को लेकर मौके पर उपखण्ड अधिकारी राकेश मीना, तहसीलदार दिनेश मीना, मानपुर सीओ दीपक मीना, मानपुर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह,सिकंदरा थाना मनोहरलाल, बालाजी थाना प्रभारी अजीत सिंह, ब्लाॅक सीएमएचओं डाॅ अमित मीना, अस्पताल पीएमओ रामकिशन मीना सहित अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी शाम से ही मौके पर मौजूद रहकर परिजनों को समझाने का प्रयास करते नजर आए।
source https://www.patrika.com/dausa-news/dausa-no-postmortem-of-dead-body-even-after-24-hours-relatives-adama-8379944/
Comments
Post a Comment