77 प्रतिशत हुए शामिल, आधा घंटे पूर्व प्रवेश बंद करने से वंचित रह गए कई अभ्यर्थी
दौसा. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा बुधवार से जिला मुख्यालय के 38 केन्द्रों पर शुरू हुई। पहले दिन दोनों पारियों में कुल 26 हजार 544 अभ्यर्थियों में से 20 हजार 556 अभ्यर्थी (77.44 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 5 हजार 948 नहीं आए। गौरतलब है कि 27 दिसम्बर तक चलने वाली परीक्षा में कुल 75 हजार 354 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
दौसा जिले में पूर्व की परीक्षाओं में सामने आई गड़बडिय़ों को देखते हुए कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को केन्द्र में प्रवेश दिया गया। इस बार ड्रेस कोड को लेकर थोड़ी राहत दी गई। इसमें ऊनी वस्त्र व जूते पहनकर अंदर जाने दिया गया। वहीं गहने, पिन, गले में डोरे, दुपट्टे पहनकर आई अभ्यर्थियों को यह सब खोलने पड़े, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। कार्मिकों ने मेटल डिटेक्टर से जांच कर केन्द्र के अंदर जाने दिया। वहीं केन्द्रों पर नियमानुसार आधा घंटे पूर्व गेट बंद कर दिया गया तो दर्जनों अभ्यर्थी अंदर प्रवेश से वंचित रह गए। जिन्होंने काफी मिन्नतें की, लेकिन नियमों का हवाला देकर उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। बायपास स्थित इम्पल्स केन्द्र पर तो करीब पचास अभ्यर्थी प्रवेश से वंचित रह गए।
गौरतलब है कि ए, बी व सी तीन ग्रुपों में परीक्षा हो रही है। पहले दिन सामान्य ज्ञान व सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई। अब 22 दिसम्बर को पहली पारी में जीके की परीक्षा में 11 हजार 928, दूसरी पारी हिंदी में 8976 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 27 दिसम्बर तक परीक्षा चलेगी। बुधवार को 13 हजार 252 में से पहली पारी में 10 हजार 307 तथा दूसरी पारी में 10 हजार 249 अभ्यर्थी शामिल हुए।परीक्षा के दौरान उडऩदस्ते सहित अधिकारी केन्द्रों का जायजा लेते रहे।
सड़कों पर भीड़
परीक्षा समाप्ति के बाद शहर की सड़कों पर वाहनों का तांता लग गया। परीक्षार्थियों की भीड़ के चलते वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया। हालांकि पुलिसकर्मी बारी-बारी से वाहनों को निकालते रहे। वहीं परीक्षा समय पूरा होते ही शहर के बस स्टैण्ड सहित बायपास पर सैकड़ों युवाओं की भीड़ जमा हो गई। भीड़ के चलते रोडवेज बसों में जगह नहीं मिली। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों को खासी दिक्कत हुई। ट्रेनों में भी मारामारी रही।
92 शिक्षकों को नोटिस
वीक्षक ड्यूटी पर नहीं पहुंचने से नाराज होकर डीईओ माध्यमिक घनश्याम मीना ने 92 शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। मीना ने संस्था प्रधानों को कहा कि सूची में शामिल सभी शिक्षकों को गुरुवार सुबह 7 बजे कार्यालय में भेजकर स्पष्टीकरण देने के लिए पाबंद करें।
source https://www.patrika.com/dausa-news/rpsc-senior-teacher-competitive-examination-77-candidates-joined-7934161/
Comments
Post a Comment