स्कूल में महिला के दाह संस्कार मामले में कमेटी गठित, सरपंच ने चाची की करा दी थी स्कूल में अंत्येष्टि
दौसा जिले की मंडावर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट के सरपंच जसवंत मीणा ने अपनी मर्जी से चाची का दाह संस्कार गिरधारीलाल बौहरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कर दिया। मामले में जिला कलक्टर ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। इतना ही नहीं इस कार्य के लिए विद्यालय प्रबंधन ने स्कूल की छुट्टी भी करीब 10 बजे ही कर दी। आनन फानन में विद्यालय प्रधानाचार्य आशा मीना ने सीबीईओ महुवा व डीईओ दौसा को मामले की जानकारी दी। दाह संस्कार में गांव सहित आसपास के दर्जनों लोग शामिल हुए थे।
यह था मामला
मंडावर तहसील क्षेत्र की कोट पंचायत के सरपंच जसवंत मीना की चाची ब्रजबाई के 11 जुलाई को निधन होने पर उनका दाह संस्कार कोट गांव में स्थित राजकीय गिरधारी लाल बौहरा उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। जहां सरपंच की दबंगई के कारण विद्यालय प्रबंधन मूकदर्शक होकर सब कुछ देखता रहा। वही विद्यालय में उस दिन छात्रों को बैग वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। जिसके बाद करीब 10 बजे ही विद्यालय की छुट्टी कर विद्यालय प्रबंधन ने दाह संस्कार में अपना योगदान दिया। जो कि नियम विरुद्ध है।
परिवार ने करीब 22 वर्ष पहले विद्यालय के लिए भूमि दी दान में
भामाशाह गिरधारीलाल बौहरा ने करीब 22 वर्ष पूर्व गांव के हित को देखते हुए बच्चों के भविष्य के लिए भूमि दान में दी थी। जहां भामाशाह ने लाखों रुपए खर्च कर विद्यालय के मुख्य द्वार का निर्माण करवाया था। जो कि पूर्व में सरपंच भी रही थी।
इनका कहना है-
राजस्थान में ऐसा पहला ही मामला है। जिला कलक्टर ने एडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। मामले की कमेटी जांच कर रही है। जो भी कुछ हुआ है, वह नियम विरुद्ध है।
घनश्याम मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी
मामले को लेकर जिला कलक्टर को तथ्यात्मक रिपोर्ट भेज दी है। शिक्षा विभाग कार्यवाही करेगा या प्रशासन यह जांच के बाद ही पता लग पाएगा।
धीरेंद्र सिंह सोनी, उपखंड अधिकारी मंडावर
source https://www.patrika.com/dausa-news/committee-formed-in-the-case-of-cremation-of-woman-in-school-7651581/
Comments
Post a Comment