चौंकाने वाला मामला: महिला ने अपने ही घर में करवा दी 25 लाख की चोरी

राजस्थान में एक महिला ने अपने ही घर में चोरी करवा दी। दौसा पुलिस ने मामले में पत्नी सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पति से मनमुटाव के कारण महिला ने ऐसा कदम उठाया। पुलिस वृत्ताधिकारी कालूराम मीना ने बताया कि 9 जुलाई की रात शहर के गिरिराजधरण मंदिर के समीप प्रगति विहार कॉलोनी स्थित एक घर में चोरी की वारदात हुई।

इस संबंध में पीडि़त विमलेश कुमार शर्मा निवासी कालाखो ब्राह्मणों का बास ने मामला दर्ज कराया था कि वह परिवार के साथ जिस कमरे में सो रहा था, चोर उसी कमरे में पलंग के ऊपर बनी आलमारी से 17.50 लाख रुपए नकद ले गए। वहीं समीप के दूसरे कमरे से चोर सोने की चार चूड़ी, नथ टीका, कान के टॉप्स, गले का हार, दो चेन व दो-दो अंगूठी सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। वहीं मकान के पीछे बना जाली वाला लकड़ी का गेट चटकनी के पास टूटा मिला था।

पीडि़त ने बताया था कि नकदी बहन मधु शर्मा के वैवाहिक तलाक होने के रूप में न्यायालय द्वारा दिलाई गई थी। इस मामले में जांच के बाद पुलिस ने पीडि़त की पत्नी आरती शर्मा तथा उसके पीहर के दो युवक रामकेश मीना व ऋषिकेश मीना निवासी पदमपुरा थाना टोडाभीम जिला करौली को गिरफ्तार किया है। साथ ही 16 लाख 66 हजार 500 रुपए व चोरी हुए जेवरात को बरामद किया है। सीओ ने बताया कि आरोपी महिला आरती का पति के साथ मनमुटाव रहता था और इसी अनबन के चलते आरती ने चोरी का यह षडय़ंत्र रचा। हालांकि अब चोरी का खेल खेलना महिला को महंगा पड़ गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया, वहीं दोनों युवकों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। दोनों युवक सगे भाई हैं।

वारदात के तरीके से हुआ शक
सीओ ने बताया कि घटना की सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तभी शक हो गया था कि वारदात के पीछे किसी परिचित की मिलीभगत है, क्योंकि कहां पैसे और जेवरात रखे हैं सहित अन्य बातें बाहर वाले को पता होना मुश्किल था। ऐसे में साइबर सेल के अजयसिंह के सहयोग व मुखबिर तंत्र की सूचना पर पत्नी आरती से पूछताछ की तो उसने रामकेश व ऋषिकेश के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। हालांकि पुलिस ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि महिला और दोनों आरोपियों के बीच क्या कनेक्शन था तथा उन्हीं से क्यों चोरी कराई गई। इन सवालों का जवाब देने से पुलिस अधिकारी बचते रहे।

ये थे पुलिस टीम में
वारदात के खुलासे के लिए गठित टीम में सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, हैड कांस्टेबल अरविंद, ओमप्रकाश, प्रेमनारायण, कांस्टेबल रामसिंह, विशम्भर, सुनील, धीरसिंह तथा विशेष भूमिका साइबर सेल के अजयसिंह परेवा की रही।

नकदी व जेवर जमीन में दबाए
पुलिस ने बताया कि नकदी व आभूषण आरोपियों के गांव पदमपुरा से बरामद किए हैं। उन्होंने अपने घर के सामने तूड़े में नकदी दबा रखी थी तथा जेवरात मकान के पीछे की तरफ दबा दिए थे।



source https://www.patrika.com/dausa-news/shocking-case-of-rajasthan-women-got-25-lakh-stolen-from-her-own-house-7653447/

Comments

Popular posts from this blog

दौसा जिले की सीमा पर चौकसी शुरू, पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा

दौसा. मोरेल बांध पर मिले 6 हजार 275 जलीय पक्षी

कोरोना से हुई मौतों की ऑडिट, तीसरी लहर से लडऩे की रखनी होगी तैयारी