शिक्षा विभाग पर 'कमेंट' करना नहीं था मकसद-गहलोत
दौसा. शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान तबादलों में पैसे चलने की बात सामने आने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दौसा के बोरोदा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी बात को गलत तरह से फैलाया जा रहा है कि उन्होंने कोई शिक्षा विभाग पर कमेंट कर दिया, जबकि उनका मकसद वही नहीं था।
प्रशासन गांवों के संग शिविर का जायजा लेने बोरोदा आए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे हिंदुस्तान में एसीबी सबसे अच्छा काम राजस्थान में कर रही है। जो लोग पकड़े जा रहे हैं वो शिक्षा विभाग के नहीं हैं। समारोह में खाली कोई टीचर की बात नहीं थी, करप्शन तो सब जगह होता है। सरकार की मंशा यह है कि इसको रोकना कैसे है। बड़े-बड़े अधिकारी कलक्टर-एसपी तक पकड़े गए। सरकार ने बर्खास्त तक किया है। ऐसी कार्रवाई सिर्फ राजस्थान में ही मिलेगी। शिक्षक भी तकलीफ पाते हैं। ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए पैसा देकर या जैसे भी कोशिश करते हैं। ऐसी नौबत नहीं आए, इसके लिए ट्रांसफर की पॉलिस बन जाएगी तो पता रहेगा कि नंबर अब आएगा। पॉलिस बनने के बाद ना कोई पैसा देना और ना करप्शन होगा, यह मकसद था उस दिन समारोह में।
वहीं प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख पूछने पर मुख्यमंत्री सवाल को टालते हुए बोले कि हमारा संकल्प है कि जनता हमें एक मौका और दे तथा सरकार को रीपीट करेे। अच्छे काम हम करते हैं और फिर सरकार जाने पर जनता को याद आती है। इसलिए हमारा प्रयास है कि सरकार रीपीट हो। जनता का मूड भी लग रहा है। 8 में से 6 उपचुनाव हमने जीते हैं। सत्ता विरोधी माहौल इस बार नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसी सरकार का काम बंद नहीं करते हैं। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को भी हमने आगे बढ़ाया, जबकि भाजपा सरकार में काम बंद करने की परम्परा है।
गुटबाजी यहां नहीं, वहां है
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान में कोई गुटबाजी नहीं है। विपक्ष अफवाह फैलाता है। हमारे 115 विधायक वन टू वन बात करते हैं। काम के मामले में कोई शिकायत नहीं है, जिसने जो काम मांगा वह सबको मिला है। गहलोत ने कहा कि गुटबाजी तो भाजपा में है। उनकी जमानत जब्त हो रही है। तीसरे-चौथे नंबर पर भाजपा रहती है। इससे स्पष्ट है कि झगड़े वहां हैं, यहां नहीं हैं।

source https://www.patrika.com/dausa-news/it-was-not-the-intention-to-comment-on-the-education-department-geh-7179619/
Comments
Post a Comment