दौसा. बेटियों की शादी के लिए रखा बीस तोला सोना व चार किलो चांदी के जेवर चोरी
दौसा. बेटियों की शादी के लिए अपनी आमदनी में से राशि बचा-बचाकर खरीदे करीब 20 तोला सोने व 4 किलो चांदी के जेवर चोरी होने से जिला मुख्यालय निवासी एक परिवार पर दिवाली से पूर्व दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीडि़त नगरपालिका की पूर्व चेयरमैन इंदिरा बंशीवाल का देवर है। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने वारदात की जानकारी लेकर जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने बताया कि शहर के बंशीवाल मोहल्ला निवासी अशोक कुमार बंशीवाल ठेकेदार ने एक कमरे के रखे संदूक से सोने की 3 चेन, 4 चूडिय़ां, 3 अंगूठियां, 6 तोले का हार, ढाई तोला सोने का टुकड़ा, 5 जोड़ी चांदी की पायजेब, 1 किलो चांदी के कड़े, 2 कनकती, चांदी के 20 सिक्के, पुराने जेवर के टुकड़े व करीब 10 हजार रुपए नकद चोरी हो गए। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि जिस संदूक में जेवर रखे हुए थे उसकी चाबी करीब 10 दिन से नहीं मिल रही थी।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे उनकी पत्नी फूलवती बाजार में बच्चों को कपड़े दिलाने गई थी। शाम करीब 4 बजे वापस लौटी तो दूसरी मंजिल पर एक कमरे में संदूक की चाबी पड़ी दिखाई दी। संदूक को खोल कर देखा तो उसमें से पूरे जेवर गायब थे और संदूक में वजन बरकरार रखने के लिए दो किताबें रखी हुई थी। कोतवाली थाना पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट लेकर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े रेलवे क्वार्टर को चोरों ने बनाया निशाना.....
लाखों का सामान पर फेरा हाथ.....
बांदीकुई. कस्बे में इन दिनों चोर बेखौफ नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि शहर में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। रविवार को चोरों ने रेलवे कॉलोनी स्थित एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाया। चोरों ने क्वार्टर के पीछे का ताला तोड़कर रखे सामान, जेवरात सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात का पता उस समय चला जब रेलवे गार्ड रामकिशोर सैनी गांव से लौटे तो जेवरात सहित नकदी नहीं मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पीडि़त ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के सदस्यों के साथ अपने गांव चेटौली तहसील भुसावर गया था। वापस लौटने पर उसे क्वार्टर में सामान बिखरा मिला। जिसमें 10 हजार रूपये की नकदी, एक सोने की अगूठी, चांदी की अगूठी, चुटकी सहित अन्य सामान पार मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बांदीकुई. थाना पुलिस ने सूने मकान से जेवर व नकदी की चोरी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 26 अक्टूबर को गंगासहाय ने थाने पहुंच परिवाद दर्ज करवाया कि चोरों ने सूने मकान में नकदी सहित जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलो मे दबिश देकर आरोपी राजकुमार निवासी सिंकदरा व चोरी के जेवरात खरीदने के आरोपी सुभाष सोनी निवासी महुवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गठित टीम में राजेंद्र, लखनलाल, नेमीचंद, अजयपाल शामिल रहे।
source https://www.patrika.com/dausa-news/dausa-twenty-tola-of-gold-and-four-kg-of-silver-jewelery-kept-for-dau-7152451/
Comments
Post a Comment