दौसा. युवक की मौत पर बवाल: हाइवे पर लगाया जाम
बांदीकुई. अरनिया में युवक कमलेश महावर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, लेकिन परिजन शव को गांव से वापस मुकुरपुरा चौराहे पर ले आए। सिंकदरा-अलवर मेगा हाइवे पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने आनन फानन में शव को हाइवे पर से एम्बुलेंस में रखवाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और मृतक के परिजनों में जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मी सहित परिजन के मोबाइल तक टूट गए। परिजनों ने युवक की हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने जैसे-तैसे कर शव को तो सड़क से हटवा दिया, लेकिन परिजन और ग्रामीण हाइवे पर बैठ गए। इसके चलते करीब एक घंटे तक मेगा हाइवे जाम रहा। वाहनों की कतारें लग गई। ग्रामीणों ने किसी भी वाहन को नहीं गुजरने दिया। इसी दौरान दो एम्बुलेंस भी कुछ देर जाम में फंसी तो पुलिस ने जद्दोजहद कर उनको निकाला। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों से समझाइश कर जाम खुलवाया। इस दौरान सीओ संजय चंपावत, नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र मीना, सीआई सुगनसिंह सहित बडी़ संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
महिलाओं की पुलिस से हुई नोक-झोंक
जाम लगाने के दौरान महिलाओं की पुलिसकर्मियों से तीखी नोक-झोंक हुई। महिलाओं का कहना था कि युवक ने आत्महत्या नहीं की है। उसकी हत्या कर शव को अरनिया गांव के समीप सुनसान जगह पर फंदे से लटकाया गया है। परिजनों का आरोप है कि मृतक युवक को कुछ लोगों ने धमकी भी दी थी। युवक 27 अक्टूबर से लापता था। जिसकी गुमशुदगी की सूचना कोलवाथाने को दी थी। 30 अक्टूबर करीब सायं 5.30 बजे युवक शव फंदे से लटका मिला। जाम लगाने के दौरान कई महिला परिजन रो-रोकर बिलख रही थी। इस दौरान एक महिला बेसुध हो गई। जिसको वहां मौजूद महिलाओं ने संभाला।
शराब का परिवहन करते दो गिरफ्तार
लालसोट. मंडावरी थाना पुलिस ने बाइक सवार दो जनों को अवैध रूप से शराब परिवहन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से बाइक व शराब के 192 पव्वे भी जब्त किए हैं। मंडावरी थाना प्रभारी रामपाल मीना ने बताया कि अवैध रूप से शराब बेचने वाले और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। शनिवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे लालसोट रोड से भैंरुवास मोड़ की ओर नाकाबंदी के दौरान बाइक पर अवैध रूप से शराब ले जाते दीपचंद वर्मा निवासी डिडवाना एवं मुकेश सैनी निवासी बाढ़ नौंदपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
source https://www.patrika.com/dausa-news/dausa-ruckus-over-the-death-of-the-young-man-jammed-on-the-highway-7152461/
Comments
Post a Comment