दौसा. दीपोत्सव की बाजारों में छाई रौनक, धनतेरस कल
दौसा. पांच दिवसीय महापर्व दीपोत्सव की शुरुआत मंगलवार को धनतेरस से होगी। दिवाली के नजदीक आने के साथ बाजारों में रौनक छाने लगी है। दुकानों पर ग्राहकों का तांता नजर आता है। हर कोई अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी करने में लगा है। कोई घर की साज-सज्जा की वस्तुएं खरीद रहा है तो कोई कपड़े लेने में लगा है।
जिला मुख्यालय पर इन दिनों बाजारों में दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहता है। धनतेरस पर वाहनों की जमकर बिक्री होगी। अनुमान है कि करीब 5 करोड़ के दुपहिया वाहन बिक जाएंगे। वाहन विक्रेता कमल धोंकरिया ने बताया कि सभी कंपनियों के करीब 600 वाहनों की एडवांस बुकिंग हो गई है। 200-300 वाहन सीधे शोरूमों से बिकने की बाजार को उम्मीद है। इसी तरह करीब 100 चौपहिया वाहनों की बिक्री से 5-6 करोड़ के कारोबार की आस है। इसी तरह आभूषणों की बिक्री भी धनतेरस पर खूब होती है। लक्ष्मी पूजन के लिए चांदी के सिक्के व लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं को लोग खरीदेंगे। वहीं पायजेब, कुण्डल, हारसेट, नथ, चेन, अंगूठी सहित विभिन्न आभूषण भी लोग खरीद रहे हैं। आभूषण विक्रेता रामअवतार सोनी ने बताया कि मार्केट में दिवाली के साथ आगामी सावों की भी रौनक है। ऐसे में करीब 15-20 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ा चलन : पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों का भी चलन बढऩे लगा है। ग्राहक शोरूमों पर जाकर वाहनों की बुकिंग करा रहे हैं।
पर्दे व चादरों की भी मांग: दिवाली पर घर की साज-सज्जा के लिए चादर-पर्दे आदि की भी खूब बिक्री हो रही है। महिलाएं बेडशीट, पिलोकवर, सोफाकवर सहित कई तरह के हैण्डलूम सामान ले रही हैं। विक्रेता जितेन खण्डेलवाल ने बताया कि दिवाली के साथ ही सर्दी की भी शुरुआत हो रही है। ऐसे में बिक्री अच्छी होने की उम्मीद है।
दीपावली स्नेह मिलन व वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम आयोजित
दौसा. सांसद जसकौर मीणा के नेतृत्व में यशोधरा लॉन में भाजपा कार्यकर्ताओं का दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि सांसद जसकौर सहित पूर्व मंत्री रामकिशोर मीणा, कन्हैयालाल मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रतन तिवाड़ी , एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री महेंद्र चांदा, जयपुर देहात जिला अध्यक्ष रामानंद गुर्जर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में 70 साल से अधिक उम्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का साफा, दुपट्टा, माला व प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया गया। इस मौके पर जिलेभर से पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन राधेश्याम शर्मा और जिला महामंत्री लाखन सिंह पांचोली ने किया।
source https://www.patrika.com/dausa-news/dausa-deepotsav-dazzled-in-the-markets-dhanteras-tomorrow-7152444/
Comments
Post a Comment