पत्नी की हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास
दौसा . जिला न्यायालय परिसर में दो वर्ष पहले आपसी विवाद को लेकर पत्नी की छुरा घोंप कर दिनदहाड़े हत्या करने के मामले में शुक्रवार को जिला एवं सैशन न्यायाधीश अनन्त भण्डारी ने आरोपी पति को आजीवन कारावास व 10 हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
लोक अभियोजक एडवोकेट दिनेश शर्मा ने बताया कि 18 सितम्बर 2019 को जिला न्यायालय परिसर में महिला शीला देवी पति के साथ चल रहे विवाद के मामले में आई थी। परिसर में महिला का पति दौसा निवासी अमरचन्द भी मौजूद था। महिला अपने भाई के साथ एडीजे एससी/एसटी कोर्ट के सामने बैठी थी। इस दौरान उसका पति अचानक आया और पेंट में से धारदार हथियार निकाल कर पत्नी शीला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय से ही पकड़ लिया था। मामले की सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक ने 18 गवाह व 30 दस्तावेज पेश किए।
अपहरण के मामले की पेशी पर आए थे
लोक अभियोजक ने बताया कि अमरचंद ने अपनी पत्नी के खिलाफ बेटी के अपहरण का मामला दर्ज करा रखा था। इस मामले को लेकर दोनों न्यायालय में आए हुए थे। पति-पत्नी के बीच बेटी की सड़क दुर्घटना के क्लेम की राशि का भी विवाद चल रहा था। पति-पत्नी काफी समय से अलग रह रहे थे।
हर कोई रह गया था स्तब्ध
न्यायालय परिसर में दो वर्ष पहले न्यायालय परिसर में जिस स्थान पर वारदात हुई थी वहां पर महिला का काफी खून बह गया था। आसपास बैठे वकीलों ने भी महिला को बचाने का प्रयास किया था, उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया था। न्यायालय परिसर में हुई इस वारदात से मौके पर मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए थे।
मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार
गुढ़लिया/अरनिया. कोलवा थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की है। परिवादी किशनलाल ने कोलवा थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी कि 24 अगस्त को टांट्या गांव से मकान के बाहर खडी़ बाइक को अज्ञात जने चुरा ले गए। इस पर पुलिस ने अनुसंधान कर सुखपुरा उत्तरप्रदेश निवासी आरोपी शिवबालक को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की। टीम में समयसिंह, नेमीचंद सहित मोलाराम शामिल रहे।
source https://www.patrika.com/dausa-news/life-imprisonment-for-accused-of-killing-wife-7034241/
Comments
Post a Comment