नशे में घर आकर झगड़ा किया तो पत्नी ने बेटे के साथ मिलकर कर दी पति की हत्या

दौसा. शहर के बैरवा मोहल्ले में पति के नशे में घर आकर झगडऩे से परेशान होकर पत्नी व नाबालिग बेटे ने डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलने के बाद छह घंटे में ही पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार व बेटे को निरुद्ध कर वारदात का खुलासा कर दिया। प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया है कि पति के नशे में घर आकर आए दिन झगड़ा व मारपीट करने से तंग आकर वारदात को अंजाम दिया।
दौसा कोतवाली थाना प्रभारी लालसिंह ने बताया कि छोटी दौसा के बैरवा मोहल्ले में सुबह एक जने की हत्या की सूचना मिली। इस पर दौसा पुलिस उपाधीक्षक डॉ. दीपक शर्मा, थाना प्रभारी, उप निरीक्षक महावीर प्रसाद व प्रवीण कुमार आदि ने मौके पर जाकर देखा तो राजेश बैरवा (40) का शव स्वयं के ही मकान में खून से लथपथ पड़ा था। सिर पर चोट से खून निकला हुआ था। हाथों में भी नील के भी निशान थे। परिजनों से जब बात की तो उन्होंने बताया कि राजेश शनिवार रात को शराब के नशे में घर आया था। उसने पत्नी व बच्चों से झगड़ा करना शुरू कर दिया था। परिजनों ने बताया कि वे झगड़े के बाद में दूसरी जगह चले गए। जब सुबह घर आए तो राजेश का शव नीचे पड़ा था। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में ले जाकर पोस्टमार्टम कराया तथा शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौके से एफएसएल टीम को बुला कर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के भाई श्रीनारायण बैरवा ने रिपोर्ट में हत्या का आरोप लगाकर बताया कि राजेश के परिवार में आए दिन झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने सभी तथ्यों को भी ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की। शाम को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गृह क्लेश होने पर सिर में डण्डा मार कर पत्नी व बेटे ने वारदात को अंजाम दिया। इस पर आरोपी पत्नी विमला देवी को गिरफ्तार कर नाबालिग बेटे को निरुद्ध किया गया।

शुरू से ही शक के घेरे में रहे परिजन
कोतवाली थाना प्रभारी बताया कि मृतक के परिवार में घरेलू झगड़ा हुआ था। बाद में उसके परिजनों का दूसरी जगह चले जाना और फिर खून में लथपथ शव स्वयं के मकान में ही मिलने से यह तो तय है कि उसकी हत्या की गई है। ऐसे में शक के घेरे में शुरू से ही परिजन रहे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर पत्नी व बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक शराब का आदि था। शराब पीकर आए दिन घर पर झगड़ा करता रहता था। शनिवार रात को भी वह अपने घर शराब पीकर आया। पत्नी व बेटे से झगड़ा किया। इस दौरान पत्नी व बेटे ने उसके सिर पर डण्डे से वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में पत्नी व पुत्र ने हत्या को दूसरा रूप देने के लिए कहानी रची थी कि वे झगड़ा होने के बाद कहीं चले गए थे। सुबह आए तो उनको शव पड़ा मिला।



source https://www.patrika.com/dausa-news/when-he-came-home-drunk-and-quarreled-the-wife-along-with-the-son-mur-6872247/

Comments

Popular posts from this blog

दौसा जिले की सीमा पर चौकसी शुरू, पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा

दौसा. मोरेल बांध पर मिले 6 हजार 275 जलीय पक्षी

कोरोना से हुई मौतों की ऑडिट, तीसरी लहर से लडऩे की रखनी होगी तैयारी