बाजारों में सुबह रौनक, दोपहर में पसरा सन्नाटा
दौसा. जनअनुशासन पखवाड़े के चौथे दिन भी शहर के बाजारों में नियमों की पालना कम होती नजर आई। सुबह बाजारों में दुकानों के आगे व्यापारी खड़े रहे। जैसे ही ग्राहक आया तो माल बेचकर फिर से शटर गिरा लिया गया।
पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के बीच लुकाछिपी चलती रही। हालांकि अन्य दिनों की अपेक्षाभीड़ कम दिखी। इसका कारण गांवों में सावा माना गया। वहीं कई लोग मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग की परवाह किए बिना घूमते दिखाई दिए। सुबह कई लोग जिला मजिस्ट्रेट के आदेश को लेकर भ्रमित भी नजर आए। उनका मानना था कि सभी तरह की दुकानों को दोपहर तीन बजे तक खोलने की अनुमति मिल गई है। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि अनुमत प्रतिष्ठानों का समय घटाया गया है। जिन प्रतिष्ठानों को अनुमति नहीं है, वे कतई नहीं खुलेंगे। हालांकि कई व्यापारी सावे के चलते कुछ देर अनुमति देने की मांग करते दिखे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
दोपहर 3 बजे अधिकतर दुकानें बंद हो गई। बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया। इधर, बावड़ी पाड़ा क्षेत्र में सब्जी मंडी शाम तक चलती रही।
दौसा. प्रिंटिंग प्रेस एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से शादियों के सीजन में प्रिंटिंग प्रेसों को भी रोटेशन के आधार पर खोलने की अनुमति देकर राहत देने की मांग की है। अध्यक्ष शिवचरण भंड़ाना ने बताया कि बंद से पूर्व ऑर्डर लिए गए कार्डों को समय पर देने की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसी तरह भाजपा नेता सुरेश घोषी ने भी सावों को देखते हुए कुछ देर व्यापारियों को दुकानें खोलने की अनुमति देने के लिए जिला कलक्टर को ज्ञापन भेजा हे।
शादी का सामान खरीदने में आ रहे पसीने
दौसा. जिले में एक ओर तो कोरोना महामारी ने जोड़ पकड़ रखा है तो दूसरी ओर शादियों के सावों की भरमार है। ऐसे में जिन लोगों के यहां शादियां है उनको शादी-समारोह की व्यवस्था करने में पसीने आ रहे हैं। गुरुवार को सावे के चलते लोग दिनभर शादी के सामान की व्यवस्था करने में व्यस्त नजर आए। कई लोग तो दिनभर कभी स्थानीय बाजारों तो कभी दौसा जिला मुख्यालय पर इधर -इधर जुगाड़ कर सामान जुटाने में व्यस्त रहे। वहीं गांवों में शादियों के दौरान कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन भी होता दिख रहा है। सीमा से अधिक मेहमान व मास्क आदि की पालना नहीं हो रही।
बाजारों में लोगों को खाने-पीने के सामान तो मिल रहे हैं, लेकिन कपड़े, जेवर, फैन्सी सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान व बर्तन आदि सामान की दुकानें बंद रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि अप्रेल व मई के पूरे महीने में शादियों की भरमार है। लोगों को शादियों के सामान की व्यवस्था चोरी-छिपे करनी पड़ रही है।
चार दुकानें सीज
सिकंदरा. जन अनुशासन पखवाड़ा के दौरान उल्लंघन के तहत सिकंदरा थाना पुलिस व राजस्व अधिकारियों ने अलग-अलग जगह पर कार्रवाई की है। थाना पुलिस ने मास्क नहीं लगाने पर 52 लोगों का चालान किया है, वहीं यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 15 वाहनों के एमवी एक्ट में कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार जय सिंह चौधरी ने बताया कि सिकंदरा चौराहे पर बांदीकुई रोड व गीजगढ़ रोड पर कपड़े व जूते चप्पल की चार दुकानों को नियमों का उल्लंघन करने पर सीज किया है। यह दुकानें अग्रिम आदेश तक सीज रहेंगी।
source https://www.patrika.com/dausa-news/breathing-in-the-markets-in-the-morning-silence-in-the-afternoon-6813323/
Comments
Post a Comment