दौसा कलक्ट्रेट के 15 कर्मचारी पॉजिटिव तो करणी नगर बना हॉट स्पॉट
दौसा. जिले में कोरोना संक्रमितों का रविवार को फिर से महाविस्फोट हुआ है। एक दिन में 381 जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, इनमें अकेले दौसा ब्लॉक में ही 256 मरीज मिलना चिंता का विषय है। वहीं जिला अब कुल 5 हजार मरीजों की संख्या पार कर 5270 के आंकड़े पर पहुंच गया है। इनमें से 3 हजार 17 मरीज रिकवर किए जा चुके हैं। वहीं सिकराय ब्लॉक भी हॉट स्पॉट बनता जा रहा है, यहां 98 जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि अभी तक सैकड़ों सैम्पलों केसों की जांच लम्बित है। वहीं सीएमएचओ डॉ. मनीष चौधरी ने बताया कि जिला मुख्यालय के जोशी कॉलोनी की 62 वर्षीय महिला थी, जिसको 16 अप्रेल को जयपुर रैफर किया था। उसकी 24 अप्रेल शाम को जयपुर में कोरोना से मौत हो गई।
चिकित्सा विभाग के कोविड जिला कंट्रोल प्रभारी डॉ. सुभाष बिलौनिया ने बताया कि जिले में लालसोट ब्लॉक में 16 व बांदीकुई में 11 जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल 381 में से 7 मरीज मिले से बाहर के हैं। इधर जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट में एक साथ 15 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। शहर के करणी बिहार कॉलोनी में भी 9 जने कोरोना पॉजिटिव आए हैं। श्यालावास जेल में भी आधा दर्जन केस मिले। रविवार को जिले में आए 381 कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या अब तक की दूसरी बड़ी संख्या है, इससे पहले भी एक ही दिन में 386 जने कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। वहीं जिले में कुल मौतों का आंकड़ा भी बढ़कर अब 33 हो गया है। 2 हजार 207 जने होम क्वारंटीन पर चल रहे हैं। अपे्रल माह में अब तक के सर्वाधिक केस सामने आए हैं। एक अप्रेल से 25 अप्रेल तक 19 हजार 79 जनों के सैम्पल लिए हैं। इनमें से 2 हजार 816 जने पॉजिटिव आ चुके हैं। इसमें से 602 जने रिकवर हो चुके हैं। जिले में अब रिकवरी रेट 57.25 प्रतिशत है। एक्टिव केस 2270 हैं। वहीं रविवार को करीब 685 लोगों के सैम्पल लिए गए।
लापरवाही: चार दिन से जांच रिपोर्ट का इंतजार
जिले में कोविड जांच रिपोर्ट देरी से मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा। जिले में 22 अप्रेल को लिए गए करीब साढ़े बारह सौ सैम्पलों की रिपोर्ट रविवार शाम तक नहीं मिली है। इन सैम्पलों को जांच के लिए अजमेर भेजा गया था। ऐसे में जिन लोगों ने सैम्पल दिया था, प्रतिदिन उनको रिपोर्ट का इंतजार है। कई लोगों में तो कोविड जैसे लक्षण भी हैं, वे रिपोर्ट मिलने के चक्कर में इलाज की बाट जोह रहे हैं। कई लोग रिपोर्ट के चक्कर में खुद को आइसोलेट कर बैठे हैं।
आईसीयू में नहीं जगह
जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में 27 मरीज भर्ती है। डॉ. आरडी मीना ने बताया कि रविवार को सात मरीज भर्ती किए व 10 को डिस्चार्ज किया गया है। आइसीयू के सभी छह बैड भरे हुए हैं। वहीं सभापति ममता चौधरी ने विधायक मुरारीलाल मीना से आईसीयू बैड बढ़वाने की मांग की।
सांसद जसकौर मीना कोरोना संक्रमित
दौसा सांसद जसकौर मीना भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। अस्वस्थ महसूस होने पर उन्होंने शनिवार को कोरोना जांच कराई थी। रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सांसद ने रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी दी तथा गत दस दिनों में उनके सम्पर्क में आने वाले लोगों से स्वयं को आइसोलेट करने की अपील की। गौरतलब है कि गत 17 अप्रेल को सांसद ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगवा ली थी।
source https://www.patrika.com/dausa-news/15-employees-of-collectorate-positive-karni-nagar-becomes-hot-spot-6817749/
Comments
Post a Comment