दौसा जिले में रात आठ बजे बंद होंगे बाजार, टीका लगाने पर ही मिलेगी पेंशन
दौसा. देश के साथ प्रदेश में भी कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने रोकथाम के सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला कलक्ट्रेट में दौसा नगर परिषद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद जिला कलक्टर ने बताया कि अब जिले में रात आठ बजे बाजार व सार्वजनिक स्थान बंद किए जाएंगे। इस संबंध में शीघ्र आदेश जारी किए जा रहे हैं। वहीं पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण कराना जरूरी होगा। टीकाकरण का मैसेज या प्रमाण पत्र दिखाने के बाद ही अब सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। कलक्टर ने बताया कि यह निर्णय आमजन के बेहतर स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए सरकार के टीकाकरण कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए किया गया है।
बैठक में विधायक मुरारीलाल मीना ने कहा कि शादी-समारोह आदि में लोग गाइड लाइन की पालना नहीं कर रहे हैं। बड़े जीमणे बंद करने चाहिए। उपखण्ड अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि टीकाकरण के लिए पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में जाकर लोगों को प्रेरित करना होगा।
सभापति ममता चौधरी ने कहा कि टीकाकरण के लिए सभी जनप्रतिनिधि हरसंभव सहयोग करेंगे। जिला कलक्टर ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मास्क के उपयोग के प्रति अब फिर से सख्ती बरती जाए। मास्क नहीं लगाने वालों के चालान किए जाएंगे। पार्षदों ने कक्षा 1 से लेकर 5 तक छात्रों की स्कूल नहीं खोलने व कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों की भी स्कूल बंद करने की बात कही। सोमवार से अब प्रशासन कोरोना एडवाइजरी की पालना में सख्ती बरतना शुरू करेगा। नो मास्क नो एंट्री के आधार पर कार्य किया जाएगा। पार्षद आशीष आचार्य ने चार वार्डों के बीच एक दिन शिविर लगाकर टीकाकरण करने का सुझाव दिया। इसी तरह पार्षद सियाराम सत्तावन ने स्कूलों में भी बच्चों को अपने परिजनों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने की बात कही। इस दौरान आयुक्त पूजा मीना, उप सभापति कल्पना जैमन सहित कई पार्षद व अधिकारी मौजूद रहे।
फिर याद आया पिछला साल
एक बार फिर कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को फिर से पिछले साल के लॉकडाउन के दौरान हुए अनुभव याद आने लगे हैं। खास बात यह है कि गत वर्ष भी दौसा जिला प्रशासन ने 20 मार्च को ही आदेश जारी कर 3 दिन का लॉकडाउन लगाया था। इसके बाद राज्य सरकार ने 22 मार्च से प्रदेश में पूर्ण लॉकडाउन कर दिया था। अब ठीक एक साल बाद जिला प्रशासन ने फिर से एहतियातन कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
दो पॉजिटिव मिले
इधर, अब जिले में प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव भी सामने आने लगे हैं। शनिवार को दौसा शहर के अयोध्या नगर में एक युवक तथा खैरवाल में एक किशोर कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिले में अब कुल 2443 कोरोना केस हो गए हैं। सर्वाधिक दौसा ब्लॉक में 945 मरीज पाए गए हैं। 8 केस वर्तमान में एक्टिव हैं।
source https://www.patrika.com/dausa-news/markets-will-be-closed-in-dausa-district-at-eight-o-clock-at-night-pe-6757667/
Comments
Post a Comment