सर्राफा दुकान व सूने मकान से नकदी व जेवरात पार

दौसा. लालसोट शहर में मंगलवार रात्रि को चोरों ने जम कर धमाचौकड़ी मचाते हुए दो घटनाओंंं का अंजाम दिया है। सर्राफा की एक दुकान का ताला तोड़कर हजारों की नकदी व आभूषण चुरा ले गए। चोर एक अन्य घटना में पुजारी के आवास से भी हजारों की नकदी व जेवरात चुरा ले गए। डिगो रोड स्थित सेडूलाई निवासी राजेश कुमार शर्मा की सर्राफा दुकान के ताले तोड़ कर वहां से करीब डेढ लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के जेवरात व बीस हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए।

आलमारी को भी तोड़ कर वहां से दस जोड़ी चांदी की पायल, चिटकी, अंगूठी, माला, कलदार, हथफूल, जंतर एवं सोने के अन्य आभूषणों को चुरा लिए। बुधवार सुबह जब आस पास रहने वाले लोगों ने दुकान का शटर एक ओर से थोड़ा ऊंचा उठा हुआ देखा तो उन्होंने इस बारे में दुकानदार को जानकारी दी। बाद में दुकान से चुराए गए आभूषणों के खाली डिब्बे व अन्य सामान पास ही एक गली में पड़े हुए मिले। इसी तरह अज्ञात चोरों ने शहर के सटे राजौली गांव के ठाकुरजी मंदिर में रहने वाले एक पुजारी परिवार के आवास पर अंजाम दिया। चोरों ने यहां इंदिरा पत्नी मोहन शर्मा के आवास के एक कमरे का ताला तोड़ कर आलमारी से पचास हजार रुपए की नकदी, तीन जोड़ी पाईजेब,चांदी की कनकती व एक जोड़ी सोने के टॉप्स पार कर लिए। चोर इसके अलावा बालकों के गुल्लक को भी तोड़ कर वहां से भी बीस हजार की नकदी चुरा ले गए। दोनो घटनाओं को लेकर पीडि़त राजेश कुमार शर्मा व इंदिरा शर्मा की ओर से लालसोट थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।
मौके पर जुड़ी भीड़, पुलिस ने लिया जायजा
चोरों द्वारा एक ही रात्रि को दो जगहोंं पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी मिलने पर दोनो ही जगहों पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। कुछ देर बाद मौके पर लालसोट थाना प्रभारी राजवीर सिंह राठौड़ भी जा पहुंचे और घटनाओं का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड 29 के पार्षद रमेशचंद वर्मा समेत कई जनों ने क्षेत्र में रात्रि को पर्याप्त पुलिस गश्त किए जाने की मांग की। बाद मेंं जिला मुख्यालय से एफएसएल टीम भी दोनो घटना स्थलों पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी ने बताया कि रात्रि को और अधिक कड़ाई से गश्त की जाएगी।

महुवा. यहां कस्बे के हिंडौन रोड पूरी कॉलोनी में स्थित सूने मकान से लाखों रुपए के जेवरात व नकदी चोरी होने का मामला थाने में दर्ज करवाया है। थाना पुलिस ने बताया कि योगेश कुमार गुप्ता ने मामला दर्ज कराया है कि कस्बे के हिंडौन रोड स्थित पुरी कॉलोनी में उनका पैतृक मकान जो करीब एक माह से उनकी दादी का देहांत हो जाने के बाद बंद पड़ा हुआ था। बुधवार को जब वह मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे व अंदर के कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ तथा सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि कमरे में 5 किलो चांदी ,28 तोला सोना, और 20 हजार रुपए की नकदी रखी हुई थी। जिसे चोर पार कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है।



source https://www.patrika.com/dausa-news/cash-and-jewelery-crossed-from-bullion-shop-and-empty-house-6654789/

Comments