नकदी समेत लाखों रुपए का घरेलू सामान जला
दौसा. लालसोट उपखण्ड के मिर्जापुरा गांव की दूध वाला ढाणी मेेंं सोमवार को आग लगने की एक घटना में नकदी समेत लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष रामगोपाल मीना ने बताया कि अज्ञात कारणों रामनिवास मीना के दो छप्परपोश में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। इससे दस हजार की नकदी, जेवरात, घरेलू सामान, बर्तन, घी, अनाज व चारा आदि जल गए। आग पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरकस प्रयास भी किया, लेकिन विकराल रुप धारण करने से आग ने दोनो छप्परपोश को जलाकर खाक कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर लालसोट से पालिका की दमकल भी रवाना हुई, लेकिन दमकल द्वारा गलत रास्ते से आने के कारण बालू रेत में दमकल वाहन भी फंस गया। जिसे जेसीबी की मदद से रेत से बाहर निकाला गया।
ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
सैंथल. बापी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। थानाधिकारी सीताराम सैनी ने बताया कि बापी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई इससे आसपास की फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। थानाधिकारी ने मौके पर जाकर निगम के अधिकारियों को सूचित किया व दमकल बुलाकर आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर में आग इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के फैक्ट्री संचालक इधर-उधर भागने लगे लेकिन थानाधिकारी की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि इसमें किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। फैक्ट्री संचालकों ने बताया कि अधिकांश ट्रांसफार्मरो की मरम्मत समय पर निगम के अधिकारियों द्वार नहीं की जाती हैं। इसकी वजह से आए दिन ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इस संबंध में कई बार निगम के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन ध्यान नहीं दिया जाता है। इस मौके पर हैड कांस्टेबल शिवदत्त शर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
खूनी संघर्ष में आठ जने घायल
नांगल राजावतान. थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ागांव की बीड की ढाणी में सोमवार सुबह दो पक्षों में खूनी संघर्ष होने से 7 जने घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने नांगल राजावतान अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दो पक्षों में आपसी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक पक्ष के मनभर देवी पत्नी फैलीराम बैरवा, मनसा देवी पत्नी गौरी लाल बैरवा, रामचरण पुत्र किशन बैरवा , व दूसरे पक्ष के पप्पूलाल पुत्र कजोड़ बैरवा, हीरालाल पुत्र पप्पूलाल, जय नारायण पुत्र पप्पूलाल, अनीता देवी पत्नी जयनारायण बैरवा घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पप्पू लाल की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय के लिए रैफर कर दिया। शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
source https://www.patrika.com/dausa-news/household-goods-worth-lakhs-of-rupees-burned-including-cash-6586595/
Comments
Post a Comment