....फिर भी नहीं सुधरे हालात, चिकित्सकों के इंतजार में बैठे रहे मरीज

दौसा. संभागीय आयुक्त की कार्रवाई के बाद भी जिला अस्पताल में ढर्रा सुधरने का नाम नहीं ले रहा। अस्पताल की ओपीडी में मरीज इंतजार करते रहते हैं, लेकिन चिकित्सक सीट पर नजर नहीं आते हैं।

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पत्रिका टीम जिला अस्पताल के आउटडोर में पहुंची तो वहां मात्र एक चिकित्सक सीट पर बैठे मिले। अन्य कक्षों में चिकित्सकों की सीट खाली थी। मरीज बाहर गलियारे में भटकते हुए चिकित्सकों का इंतजार करने को मजबूर दिखे। कुछ लोगों ने बताया कि प्रतिदिन अस्पताल का यही हाल है। सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक आउटडोर का समय है, लेकिन अधिकतर 12 बजे तक सन्नाटा हो जाता है। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ चिकित्सक तो आते ही नहीं है। दूसरी जगह ड्यूटी लगवाकर या मनमर्जी से सीट पर नहीं बैठकर अन्यत्र जगह मरीज देखते हैं। वहीं कुछ कक्ष में बैठने की जगह इधर-उधर चले जाते हैं।

इस बारे में पीएमओ डॉ. सीएल मीना को अवगत कराया तो उन्होंने हाजिरी रजिस्टर मंगवाकर जांच की तथा कक्ष में मौजूद नर्सिंग इंचार्ज महावीर प्रसाद को आउडडोर दिखवाने भेजा। पत्रिका टीम फिर से नर्सिंग इंचार्ज के साथ गई तो वही हाल मिला। एक ही चिकित्सक सीट पर बैठे थे और एक चिकित्सक कक्ष की ओर जाते मिले। पीएमओ ने मामले की जांच कर चिकित्सकों को कक्ष में बैठे रहने के लिए पाबंद करने की बात कही। वहीं लोगों ने बताया कि अस्पताल में करीब 70 चिकित्सक कार्यरत हैं। इस हिसाब से आउटडोर में करीब तीन से चार दर्जन चिकित्सक मिलने चाहिए, लेकिन अधिकतर कुछ ही देर अस्पताल में टिकते हैं। लोगों ने सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक चिकित्सकों को अस्पताल में ही रहने के लिए पाबंद करने की मांग की है।

गौरतलब है कि 16 दिसम्बर को संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा को जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिली थी। इसके बाद पीएमओ व एमसीएच इंचार्ज को नोटिस तथा एक चिकित्सक को चार्जशीट देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हालातों में सुधार होते नहीं दिख रहे हैं।

सीएमएचओ ने लिए बयान

संभागीय आयुक्त को निरीक्षण में मिली शिकायतों के बाद सीएमएचओ भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहे हैं। इन शिकायतों में भर्ती मरीजों से पैसे लेना, खास जगह बेवजह जांच कराने भेजना आदि हैं। सीएमएचओ ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर कई चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों व मरीजों आदि से बयान लिए।

लोगों ने की सुधार की मांग
विभिन्न संगठनों ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में जल्दी से जल्दी सुधार व सुविधाओं में विस्तार करवाने के लिए संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा को ज्ञापन भेजा है। इसमें ऑक्सीजन जनरेट मशीन, सोनोग्राफी, वेंटीलेटर आदि की पूर्ण उपयोगिता आपातकालीन विभाग में मरीजों का एडमिट कार्ड बनाने, महिला चिकित्सालय में एडमिट कार्ड के रजिस्ट्रेशन और जांच करवाने के लिए रजिस्ट्रेशन महिला चिकित्सालय के ओपीडी काउंटर पर ही करने सहित अन्य मांग की।

....फिर भी नहीं सुधरे हालात, चिकित्सकों के इंतजार में बैठे रहे मरीज

source https://www.patrika.com/dausa-news/still-the-situation-did-not-improve-patients-kept-waiting-for-d-6588021/

Comments

Popular posts from this blog

दौसा जिले की सीमा पर चौकसी शुरू, पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा

दौसा. मोरेल बांध पर मिले 6 हजार 275 जलीय पक्षी

कोरोना से हुई मौतों की ऑडिट, तीसरी लहर से लडऩे की रखनी होगी तैयारी