अवैध बजरी खनन से फिर हादसा, ढाह ढहने से दो लोगों की मौत
बांदीकुई(दौसा). बांदीकुई के ढिगारिया भीम में अवैध खनन के दौरान सोमवार सुबह 5 बजे बजरी की ढाह ढह गई, जिसके नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और दबे हुए हरिकेश प्रजापत और बाबूलाल मीणा को निकालने प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोग बाबूलाल मीणा के शव को निकाल अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों की सहायता से बांदीकुई राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, वहीं बजरी में दबे दूसरे व्यक्ति को लोगों की मदद से बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम न कराने व हरिकेश प्रजापत की हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार करने की बात पर अड़ गए। बाद में पुलिस प्रशासन की समझाइश पर परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने पर राजी हुए और बांदीकुई अस्पताल की मोर्चरी मे पहुंचे और दोनों शवों के पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक हरिकेश प्रजापत की पत्नी सुनीता देवी ने दूसरे पक्ष के खिलाफ साजिश कर हत्या करने का मामला दर्ज करवाया है, जिस पर मामले को दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
घटनास्थल पर पहुंच एसपी ने लिया जायजा
वहीं एसपी मनीष अग्रवाल हादसे के करीब 8 घंटे बाद मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। मृतक हरिकेश प्रजापत के परिजनों से मिले। मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने हादसे को हत्या का मामला बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। इस पर एसपी ने मृतक की पत्नी को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, एसपी के आने से बांदीकुई थाना व बिवाई चौकी में हड़कंप मच गया। जब एसपी ने पूरे मामले की जानकारी ली और बजरी खनन पर कार्यवाही की रिपोर्ट मांगी तो पुलिस के अधिकारी बगले झांकते नजर आए। गौरतलब है कि बांदीकुई पुलिस बजरी खनन पर कार्यवाही को लेकर सवालों के घेरे में रही हैं।
खनन व पुलिस महकमे की मिलीभगत से नहीं होती कार्रवाई
क्षेत्र में अवैध खनन के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई लोगों की तेज रफ्तार बजरी के ट्रैक्टरों की चपेट में आने से मौत हो गई तो कई लोग खनन में अवैध बजरी निकालते अपनी जान गवां बैठें। लेकिन खनन विभाग और पुलिस महकमे की महज खानापूॢत के चलते बड़ा सवाल उठता नजर आ रहा है। (ग्रामीण/ए.स)
एक पक्ष ने दी रिपोर्ट, कर रहे जांच
कंट्रोल रूम से दो लोगों की दबने की सूचना मिली, जिस पर पहुंचकर मालूम हुआ कि खेत की सीमा में बजरी को लेकर विवाद था। दोनों ही खाई के किनारे खड़ा होना बताया जा रहा है। जिस पर ढहने से दोनों की दबकर मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की तह तक पहुंच सकेंगे। एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी है।
संजय चंपावत, पुलिस उपाधीक्षक

source https://www.patrika.com/dausa-news/traged-again-due-to-illegal-gravel-mining-two-people-died-due-to-coll-6586362/
Comments
Post a Comment