महुवा में 3 इंच बारिश, मुख्य बाजार में घुटनों तक भरा पानी, खुली पोल

महुवा. उपखंड मुख्यालय पर शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। इस दौरान उपखण्ड में 70 एमएम करीबन 3 इंच पानी बरसा। इधर तेज बरसात ने नगरपालिका की सफाई व्यवस्था की भी पोल खोल दी। जहां नाला अवरुद्ध होने से मुख्य बाजार में दुकान एवं घरों के अंदर तक पानी भर गया। सड़कों पर गाडिय़ां आधी डूब गई। व्यापारी व आमजन बाल्टियों से पानी बाहर निकालते दिखाई दिए।

लोग पालिका प्रशासन को कोसते दिखाई दिए। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। पानी भराव से दुकानदारों तथा राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार दोपहर बाद हुई करीब एक घंटे बरसात से कस्बे के मुख्य बाजार में पानी भर गया। नालियां अवरुद्ध होने के कारण काफी देर तक पानी भरा रहा। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पालिका प्रशासन के पास पानी निकास के लिए कोई संसाधन नहीं है और पालिका भी मूकदर्शक बनी हुई है। वही बरसात के बाद मम्मू कॉलोनी,जवाहर कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों में भी पानी भर गया।


गीजगढ़. कस्बे सहित आसपास गांवों मेंं करीब दो घंटे हुईं झमाझम बरसात से सड़क मार्ग व खेतो में पानी भर गया। रास्तों में बारिश का पानी आने से आवागमन बाधित हो गया। माधोसागर बांध में भी पानी की आवक हुई। बहरावण्डा-कालाखो के अम्बाड़ी गांव में नाले का पानी अवरुद्ध हो जाने से आवगामन बाधित हो गया। लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई। क्षेत्र अभी तक जोरदार बरसात नहीं हुई थी।


झमाझम बारिश से खेतों में भरा पानी
मानपुर. लीखली, मरियाडा़, गांवड़ी, बावनपाड़ा, रायपुरा सहित अन्य दर्जनों गांव में शुक्रवार को दोपहर बाद एक घंटा झमाझम बरसात का दौर रहा। इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। झमाझम बरसात से खेतों में पानी भर गया। किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली है। किसानों ने बताया कि यह झमाझम बरसात इस सीजन की पहली बरसात है। क्षेत्र में एक घंटे तक लगातार हुई बरसात से खेत भी लबालब हो गए। खेतों में खड़ी बाजरे की फसल भी इसमें अच्छी है। बाजरे की फसल में इस समय बालिया निकल रही है। बाजरे की फसल अच्छी पकेगी।



source https://www.patrika.com/dausa-news/3-inches-of-rain-in-mahuva-water-filled-up-to-the-knees-in-main-marke-6367851/

Comments

Popular posts from this blog

दौसा जिले की सीमा पर चौकसी शुरू, पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा

दौसा. मोरेल बांध पर मिले 6 हजार 275 जलीय पक्षी

कोरोना से हुई मौतों की ऑडिट, तीसरी लहर से लडऩे की रखनी होगी तैयारी