11 हजार की रिश्वत लेते तहसील कार्यालय के जूनियर अकाउंटेंट को दबोचा

दौसा. लालसोट शहर के तहसील कार्यालय में बुधवार देर शाम जयपुर एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जूनियर अकाउंटेंट को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी के एडिशन एसपी चंचल मिश्रा ने बताया कि प्रहलादपुरा निवासी परिवादी से लालसोट तहसील कार्यालय में कार्यरत जूनियर अकाउंटेंट दिनेशकुमार शर्मा ने कृषि भूमि के बेचान पंजीयन पर दायर की गई आपत्ति को विड्रॉ करने की एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद परिवादी ने मामले को लेकर एसीबी को शिकायत की थी। जांच में मामला सही पाए जाने पर बुधवार शाम को एसीबी की टीम ने जूनियर अकाउंटेंट को 11 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

हत्या का प्रकरण दर्ज, जांच शुरू
महुवा. थाना इलाके के ग्राम टीकरी मोड़ के समीप बाजरे के खेत में पेड़ पर लटके मिले युवक के शव के मामले को लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी करणसिंह ने बताया कि मृतक पिता रज्जू निवासी नगला इमली थाना जगनेर ने मामला दर्ज कराया कि उसका पुत्र बंटू जाटव पिछले चार वर्ष से रामवीर गुर्जर भहराना थाना कोट के पास पत्थर का कार्य करता था तथा वहीं पर वह जयशिव के मकान में किराया लेकर रहता था। उसका पुत्र रक्षाबंधन के दिन गांव आया था, तब उसने रामवीर द्वारा मजदूरी के रुपए नहीं देने के बात कही थी। इसके बावजूद दूसरे दिन वापस वह रामवीर गुर्जर के पास काम करने के लिए चला गया। तीन-चार दिन पहले ही उसके पुत्र का फोन आया था कि उसको मजदूरी के बीस हजार रुपए मिल गए हैं और बाकी रुपए भी जल्दी मिल जाएंगे। उनको लेकर वह गांव लौट जाएगा। इसके बाद उसके पुत्र का फोन लगातार बंद मिला। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके पुत्र की रामवीर व जयशिव ने हत्या कर पेड़ पर लटकाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मंगलवार को इस युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर मोर्चरी में रखवा दिया। बाद में पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर मृतक की फोटो वायरल करने पर मृतक के परिजन महुवा पहुंचे।


चुराई गई दो भैंस वाहन से गिरी, मौत
भांडारेज. सदर थाना क्षेत्र के भांडारेज मोड़ पर गत रात्रि पुलिस गश्त के चलते चोर वारदात करने में सफल नहीं हो सके, लेकिन काफी दूर तक पीछा करने के बाद भी चोर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि देर रात्रि करीब तीन बजे भांडारेज कस्बे के धोणया वाली ढाणी में भैंसों की चोरी किए जाने की सूचना मिली थी इस दौरान भांडारेज मोड़ के आसपास गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को देखकर चोर चार भैंस में से दो को गाड़ी में डालकर भगा ले गए, लेकिन जल्दबाजी में गाड़ी के पीछे का ढाला बंद नहीं करने से राजमार्ग 21 पर चुराई गई दो भैंस भी सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रहे वाहन की टक्कर से दोनों भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब चोरी के काम में लिए वाहन व चोरों की तलाश में जुटी है।



source https://www.patrika.com/dausa-news/junior-accountant-of-tehsil-office-caught-taking-bribe-of-11-thousand-6363807/

Comments

Popular posts from this blog

दौसा जिले की सीमा पर चौकसी शुरू, पुलिस प्रशासन का सख्त पहरा

दौसा. मोरेल बांध पर मिले 6 हजार 275 जलीय पक्षी

कोरोना से हुई मौतों की ऑडिट, तीसरी लहर से लडऩे की रखनी होगी तैयारी