प्रभावशाली लोगों के हौसले बुलंद, प्रशासन पस्त
भंडाना (दौसा). ग्राम पंचायत नांगल बैरसी के मालपुरिया गांव की ढाणी रूपनगर स्थित आबादी भूमि से ढाणी के घरों में जाने के लिए बने 20 फीट के रास्ते कुछ प्रभावशाली लोगों ने आबादी भूमि सहित रास्ते पर अतिक्रमण कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन देने पर जिला कलक्टर ने पंचायत समिति प्रशासन को अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया, लेकिन पंचायत प्रशासन ने मामले को झूठा बताते ठण्डे बस्ते में डाल दिया।
बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने पर मामले का पटाक्षेप करने के लिए जांच कमेटी गठित कर मौके पर भेजी। कमेटी द्वारा दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि रास्ता पूर्णतया बंद है और 20 फीट चौड़ाई से अतिक्रमण हटा दिया है।
इस पर कलक्टर ने विकास अधिकारी को आदेशों की अवहेलना का दोषी माना और 10 दिन में प्रकरण का निस्तारण नहीं करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। तब जाकर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया और 20 फीट चौड़ाई में कच्चा रास्ता बनाया और भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के नोटिस भी दिए।
प्रशासन की कार्रवाई के कुछ दिन बाद जुलाई 2020 में प्रभावशाली लोगों ने रास्ते पर कब्जा कर लिया। यहीं नहीं रास्ते मे पक्का निर्माण चालू कर दिया। इससे क्षेत्र के लोगों को फेर लगाकर गांवों में पहुंचना पड़ रहा है। समस्या का स्थाई समाधान निकालने में प्रशासन असमर्थ साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि प्रभावशाली लोगों के परिवार का एक सदस्य प्रशासनिक सेवा में होने के कारण प्रशासन फोरी कारवाई कर इतिश्री कर लेता है।
विकास अधिकारी दौसा नाहर सिंह मीणा ने बताया कि पूर्व में दो बार अतिक्रमण हटा कर मार्ग दुरुस्त कर दिया था, लेकिन लोगों ने पावस रास्ते पर पक्का निर्माण कर लिया है। अतिक्रमण हटाने के लिए उपखंड अधिकारी व सदर थाना प्रभारी से जाप्ता मांगा है। जाप्ता मिलते ही निर्माण को ध्वस्त कराकर रास्ते को अतिशीघ्र दुरुस्त कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
अब नहीं भरेगा बालाजी मंदिर के रास्ते पर पानी
नांगल राजावतान . उपखंड के ग्राम पंचायत बड़ागांव के तलाई वाले बालाजी मंदिर के आम रास्ते में भरने वाले बारिश के पानी की निकासी का समाधान सर्वोदय ग्राम विकास समिति बडाग़ांव द्वारा कराया गया। समिति के भरतलाल मीणा ने बताया कि बालाजी मंदिर के पास आम रास्ते में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को परेशानी हो रही थी। समस्या को लेकर समिति द्वारा आम रास्ते पर पाइप डालकर पानी निकासी का प्रबंध किया गया। इससे चालकों सहित राहगीरों को परेशानी नहीं होगी।
source https://www.patrika.com/dausa-news/highly-influential-people-administration-battered-6281386/
Comments
Post a Comment